ad01

सक्ती जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलमा क्षेत्र में आधी रात एसडीएम और तहसीलदार की संयुक्त टीम ने दबिश देकर रेत माफियाओं के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया।



सक्ती जिले के चंद्रपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कलमा स्थित महानदी तट पर लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर डभरा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विनय कुमार कश्यप एवं तहसीलदार मनमोहन प्रताप सिंह के नेतृत्व में 24 मार्च की मध्य रात्रि राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी।


कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 2 पोकलेन मशीन और 8 हाइवा (डंपर) जप्त किए। 


जप्त सभी वाहनों को चंद्रपुर थाने में सुपुर्द कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


सूत्रों के अनुसार महानदी के इस क्षेत्र में रेत माफियाओं का एक संगठित नेटवर्क सक्रिय था, जो रात के अंधेरे में भारी मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर रहा था।


 प्रशासन की अचानक कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप मच गया और कई लोग मौके से फरार हो गए। 


इस संयुक्त कार्रवाई में राजस्व विभाग के पटवारी देव कश्यप, हरिशंकर पटेल, हरमेंद्र वारे, लखनपुरी, मुकेश रमन, अंकितेश पटेल, लोकेश पटेल, चितरंजन महिलांगे सहित पुलिस विभाग से उप निरीक्षक रामकुमार रात्रे और अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।


अवैध रेत उत्खनन से एक ओर जहां महानदी के प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था, वहीं शासन को लाखों रुपये के राजस्व की हानि भी हो रही थी।



अब देखना होगा कि प्रशासन फरार रेत माफियाओं और जप्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई करता है।

Post a Comment

أحدث أقدم

ADSA

ADFTED